एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-प्रदेश सरकार जहां स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च कर शहरों और कस्बों को स्वच्छ बनाने का दावा कर रही है, वहीं नगर पंचायत गंगापुर में इन दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। नगर के कई स्थानों पर कूड़े के ढेर, गंदगी से भरी नालियां और जाम सीवर नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के सभी 10 वार्डों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था नहीं है।सफाई कर्मचारी समय से सफाई नहीं करते,जिससे जगह-जगह कूड़ा जमा रहता है।लोगों का कहना है कि कागजों में सफाई व्यवस्था बेहतर दिखाई जाती है,लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बेहद चिंताजनक हैं।

नगरवासियों के अनुसार नालों की नियमित सफाई नहीं होने से सीवर जाम हो जाते हैं।बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई गई तो सड़कों पर जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।इससे आमजन का आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने,नालों की सफाई कराने और जाम सीवर की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
