विनोद सिंह पटेल कनेरी

राजातालाब/-पहली ही तेज बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आराजी लाइन जाने वाला मुख्य मार्ग जलभराव की चपेट में आ गया, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों अरविंद सिंह प्रदीप सिंह का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान इस मार्ग पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सड़क पर पानी भर जाने से आने-जाने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क दिखाई तक नहीं दे रही, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला रास्ता हर मौसम में सुरक्षित और सुगम होना चाहिए क्योंकि यह आम जनता की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ा विषय है।
