एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/– नगर पंचायत गंगापुर क्षेत्र में ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान में स्मृति द्वार निर्माण की मांग को लेकर गंगापुर हॉकी एकेडमी के कोषाध्यक्ष एवं तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह ने नगर पंचायत गंगापुर के अधिशासी अधिकारी नवनीत कुमार जायसवाल को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में मांग की गई कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा के अनुरूप स्वतंत्रता सेनानियों एवं ऐतिहासिक विभूतियों के सम्मान में नगर पंचायत क्षेत्र में स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाए, जिससे नई पीढ़ी इन महान विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा ले सके।प्रदीप कुमार सिंह ने ज्ञापन में विशेष रूप से महाराजा बलवंत सिंह एवं लोकबंधु राजनारायण के नाम पर दो स्मृति द्वार बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि मोहनसराय-अकेलवा मार्ग पर किले की ओर जाने वाले मार्ग पर महाराजा बलवंत सिंह स्मृति द्वार तथा बाले चौराहे पर लोकबंधु राजनारायण स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाए। उनका कहना था कि इन दोनों महापुरुषों के सम्मान में स्मृति द्वार बनने से क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त होगी।अधिशासी अधिकारी नवनीत कुमार जायसवाल ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वार्ड संख्या-2 के सभासद प्रतिनिधि रोशन भारतीय तथा अपना दल (एस) के सभासद कमलेश गुप्ता भी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने मांग की कि इस प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में शामिल कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि दोनों महान विभूतियों के सम्मान में स्मृति द्वार का निर्माण कराया जा सके।
