एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-रोहनिया के गंगापुर स्थित वार्ड नंबर-1 गांधीनगर में सफाई व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है।नालों की सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट पिछले दो दिनों से सड़क किनारे पड़ी है,जिससे दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों को परेशानी हो रही है।

इसी क्षेत्र में एक सीवर का ढक्कन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है,जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।यह स्थिति स्थानीय निवासियों के लिए चिंता का विषय है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराया है।

हालांकि अब तक न तो सड़क से सिल्ट हटाई गई है और न ही क्षतिग्रस्त सीवर ढक्कन को बदला गया है।बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।सड़क पर पड़ी सिल्ट के दोबारा नालियों में जाने से जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।

वहीं क्षतिग्रस्त सीवर ढक्कन के कारण राहगीरों बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के साथ कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सड़क से सिल्ट हटाने और क्षतिग्रस्त सीवर ढक्कन को बदलने की मांग की है,ताकि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।फिलहाल जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी से लोगों में नाराजगी है।
