एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-मिर्जामुराद पुलिस ने बावन बीघा बगीचा भिखारीपुर के पास से एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से दो हजार दो सौ चालीस रुपये नगद बरामद भी किया है।बरामद धनराशि झपट्टा मारकर छीने गए लॉकेटों को बेचने से प्राप्त होना बताया गया।पुलिस के पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि बीते 12 अप्रैल 2026 की रात्रि में ग्राम ठठरा-कछवा रोड स्थित एक गुमटी पर लाइटर खरीदने के बहाने गया था।जब दुकान संचालिका सामान देने के लिए पीछे मुड़ी तभी उसने उसके गले से लॉकेट झपट लिया और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया था।इसके अतिरिक्त उसने बताया कि बीते 16 मई 2026 की रात्रि में ग्राम मेहंदीगंज में घर के बाहर सो रही एक महिला के गले से भी लॉकेट झपट लिया था।दोनों लॉकेट उसने कुछ दिन पूर्व एक राहगीर को बेच दिए थे,जिनसे प्राप्त धनराशि में से 2,240/- उसके पास बरामद हुई।

उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 2026 एवं 17 मई 2026 को थाना मिर्जामुराद पर अलग-अलग वादियों द्वारा लॉकेट/मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीनने संबंधी लिखित तहरीर दी गई थी।प्राप्त तहरीरों के आधार पर क्रमशः दो मुकदमा दर्ज कर विवेचना के दौरान साक्ष्य एवं बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमो में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे वाराणसी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में मुख्य रूप से चौकी प्रभारी कछवा रोड उप निरीक्षक संदीप कुमार सिह,उप निरीक्षक पवन कुमार यादव,कांस्टेबल अखिलेश कुमार तिवारी,रिक्रूट कांस्टेबल विनय कुमार शामिल रहे।
