एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-गनेशपुर वार्ड संख्या-14 में विकास कार्यों के अभाव से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को पार्षद संजय उर्फ संदीप यादव के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वार्ड में सड़क,नाली,पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है।कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड के कई स्थानों पर बिजली के खंभों के अभाव में बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है,जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।वहीं पूरे वार्ड में पेयजल के लिए एक भी पानी की टंकी नहीं है।नालियों का निर्माण अधूरा है और कई सड़कें बदहाल स्थिति में हैं,जिससे लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी,नाली और बिजली की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे नगर निगम एवं संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।ग्रामीणों का कहना था कि यदि जनप्रतिनिधि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं करा सकते,तो उन्हें जनता के प्रति जवाबदारी समझकर जिम्मेदारी से मुक्त हो।इस संबंध में पार्षद संजय उर्फ संदीप कुमार ने कहा कि उन्होंने वार्ड की सभी समस्याओं से मेयर एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।पार्षद ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि संबंधित एसडीओ क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं लेते और जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते।उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।प्रदर्शन के दौरान दिनेश कुमार सिंह,प्रमोद उपाध्याय,राजू पटेल,सोहन पटेल,बृजेश यादव,ज्ञान प्रकाश राज,सिद्धार्थ सिंह,विवेक सिंह,मनोज सिंह,सोनू,संतोष गुप्ता,अजय कुमार,मोनू,अनिल,डॉ राकेश दीक्षित सहित बड़ी संख्या मे ग्रामीण उपस्थित रहे।
