एस के श्रीवास्तव विकास
वाराणसी/-नगर पंचायत गंगापुर में पेयजल व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। पाइपलाइन लीकेज के कारण नगरवासी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

नगरवासियों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में 50 से अधिक स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। विशेष रूप से वार्ड संख्या-1 और वार्ड संख्या-5 की मुख्य सड़क पर पिछले लगभग तीन महीनों से पाइपलाइन लीकेज लगातार जारी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज के कारण नलों में दूषित और गंदा पानी आ रहा है।

ऐसे में परिवारों को पीने के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि दूषित जल की आपूर्ति से डायरिया, टायफाइड और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है तथा नगरवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सभी लीकेज पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, दूषित जलापूर्ति पर रोक लगाई जाए तथा स्वच्छ पेयजल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जनआंदोलन करने को विवश होंगे।
