एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-विद्युत उपकेंद्र रोहनिया पर बुधवार को बिजली कर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता रोहनिया उपखंड अधिकारी (एसडीओ) श्रीकांत ओझा ने की,जिसमें उपकेंद्र से जुड़े सभी संविदा कर्मी उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना था। एसडीओ श्रीकांत ओझा ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्युत कार्य अत्यंत जोखिम भरा होता है,ऐसे में सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग और निर्धारित मानकों का पालन जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने हेलमेट,सेफ्टी बेल्ट,ग्लव्स,शूज और अन्य आवश्यक उपकरणों के उपयोग की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कर्मियों को यह भी बताया कि किसी भी परिस्थिति में बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य करना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे तंत्र के लिए खतरा बन सकता है।

इसके साथ ही कार्य के दौरान सावधानी बरतने लाइन बंद कर कार्य करने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान सभी संविदा कर्मियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया,जिसमें सुरक्षित तरीके से लाइन मरम्मत,उपकरणों के सही उपयोग और दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और हर हाल में सुरक्षा मानकों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर अवर अभियंता रोहित कुमार,उपकेंद्र परिचालक रोहनिया ईश्वर कुमार,कुशल लाईनमैन मनीष,अरविंद,मनोज,जितेन्द्र सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।सभी ने एक स्वर में सुरक्षा नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं को शून्य करने का संकल्प लिया।हर माह के भांति माह के शुरुआत में विद्युत सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ।उपरोक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम बीते माह भी आयोजित हुआ था।
