एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-जंसा थाना क्षेत्र के बहरा भटौली गांव में शुक्रवार की सायंकाल डीह बाबा मंदिर के समीप स्थित बगीचे में लगा आम का पेड़ अचानक गिर गया।सूचना मिलने पर प्रधान प्रतिनिधि संतोष पटेल मौके पर पहुंचे और पेड़ को कटवाना शुरू कर दिये।इसी दौरान सूचना पाकर वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही पेड़ काटा जा चुका था।

वन कर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों को लकड़ी न हटाने का निर्देश दिया और आवश्यक कार्रवाई की बात कहकर लौट गए।आरोप है कि उनके निर्देशों की अनदेखी करते हुए बिना किसी विधिक प्रक्रिया के पेड़ की लकड़ी को वहां से हटाकर अन्यत्र भेज दिया गया।बताया जाता है कि जिस बगीचे में यह पेड़ स्थित था,वह भूमि वर्षों से सिविल न्यायालय में विचाराधीन है।

ऐसे में विवादित स्थल से पेड़ की लकड़ी हटाए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।इस संबंध में सेवापुरी रेंज के रेंजर मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है प्रकरण की जांच कराई जा रही है।यदि जांच में अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
