एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-वाराणसी में पुलिस वर्दी पहनकर रिश्तेदारों ओर दोस्तों में धौंस जमाने वाले एक फर्जी दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोप है कि युवक अपने एक दोस्त की यूपी पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे पैसे मांग रहा था मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी थी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी के बाद उसे चोलापुर थाने में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।बुधवार सुबह को चोलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने यूपी पुलिस के एक कथित फर्जी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है।बताया जा रहा है कि आरोपी की वर्दी,व्यवहार और बातचीत का तरीका पूरी तरह किसी असली पुलिस अधिकारी जैसा था।उसकी वर्दी भी देखने में बिल्कुल असली प्रतीत हो रही थी,जिसके कारण पहली नजर में उसे पहचान पाना आसान नहीं था।आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

वहीं उसने सिपाहियों को भी पुलिसिया रौब में फटकार लगा दी।मामले की शुरुआती जांच के दौरान स्थिति इतनी स्पष्ट नहीं थी कि स्थानीय पुलिस अधिकारी भी तत्काल कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह स्पष्ट किया जा रहा है कि आरोपी वास्तव में फर्जी है या उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।बताया जा रहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी चोलापुर थाना क्षेत्र की मुर्दहा पुलिस चौकी के अंतर्गत हुई है।गिरफ्तार युवक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी 22 वर्षीय राजन के रूप में हुई है।स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उसके संपर्क वाराणसी के अलावा लखनऊ तक बताए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस आरोपी के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और क्या वह किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में भी शामिल रहा है।
